Atul Subhash Suicide Case : मराठाहल्ली पुलिस ने अतुल के भाई विकास कुमार की शिकायत पर अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया समेत चार लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की थी। इसमें निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया और चाचा सुशील सिंघानिया के नाम थे। बंगलूरू पुलिस ने इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही निकिता की मां निशा सिंघानिया और भाई अनुराग सिंघानिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर बंगलूरू लाया गया। इसके बाद तीनों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। यहां से कोर्ट ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले अतुल सुभाष (34) का शव नौ दिसंबर को दक्षिण-पूर्व बंगलूरू के मुन्नेकोलालु में उसके घर पर फंदे से लटका मिला था।उन्होंने वीडियो और नोट में आरोप लगाया था कि उससे अलग रह रही उसकी पत्नी और ससुराल वालों ने झूठे मामलों में फंसाकर और लगातार उत्पीड़न कर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया। इसी आधार पर मराठाहल्ली पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया और निकिता समेत तीन को गिरफ्तार किया है।
0 Comments