खुद मंत्रियों के क्षेत्र में ही पिछड़ गया भाजपा का सदस्यता अभियान



प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बाद भी पार्टी के कार्यकर्ता दुबारा सदस्य नहीं बन रहे है। भाजपा सरकार के अधिकांश मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्र में एक महीने में 15 हजार सदस्य भी नहीं बन पाए है, जबकि हर सीट पर 60 हजार सदस्य का लक्ष्य है। जिन सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने है, उनमें से दौसा व झुंझुनूं को छोड़कर पांच सीटों पर 12 हजार से कम सदस्य बने है। जबकि भाजपा सातों सीट जीतने का दावा कर रही है। चौरासी में 5 हजार, खींवसर में 7 हजार व सलूंबर में केवल 8 हजार सदस्य ही बने है। प्रदेश के 50 विधानसभा क्षेत्रों में 10 हजार सदस्य भी नहीं बन पाए। केवल 24 सीटों पर 50 हजार से ज्यादा सदस्य बन पाए है। राजस्थान भाजपा को सवा करोड़ सदस्य बनाने है, लेकिन अभी तक केवल 37 लाख सदस्य बने है। प्रदेश में 2014 में भाजपा के 88 लाख सदस्य बने थे। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने पिछले दिनों अभियान की सुस्ती पर नाराजगी जाहिर की थी। उपचुनाव वाली सीटों पर भी सदस्यता अभियान पिछड़ा : दौसा: 20 हजार, झुंझूनू: 25 हजार, खींवसर : 7 हजार, चौरासी : 5 हजार , देवली-उनियारा : 12 हजार, सलूंबर : 8 हजार और रामगढ़ में 12 हजार नए सदस्य बने। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सदस्यता अभियान को लेकर रविवार को वीसी से संवाद भी किया। वीसी से हुई इस मीटिंग में सांसद, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक, जिला प्रमुख, मेयर, उप महापौर के साथ प्रदेश सदस्यता अभियान की टोली, प्रदेश पदाधिकारियों से उन्होंने बात की। सीएम भजनलाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में 35 हजार सदस्य बन गए है। वहीं डिप्टी सीएम दिया कुमारी के विद्याधर नगर में 37 हजार, आदर्श नगर में 44, झोटवाड़ा में 28 हजार सदस्य बने है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के सांगोद में 36 हजार सदस्य बने है। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के दूदू विधानसभा क्षेत्र में केवल 6 हजार सदस्य ही बन पाए है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के श्री माधोपुर में, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के मालपुर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के रामगंज मंडी, विधि मंत्री जोगाराम पटेल के लूणी, सामाजिक न्याय मंत्री अविनाश गहलोत के जैतारण, पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के सुमेरपुर, जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी के झाड़ोल, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा के प्रतापगढ़, सहकारिता मंत्री गौतम कुमार के बड़ी सादड़ी में 15 हजार से कम सदस्य बने है। अभियान के सह संयोजक मोतीलाल मीणा का कहना है कि 25 विधानसभा सीटों पर 50 हजार से ज्यादा सदस्य बन गए है। कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट की दिक्कत होने की वजह से सदस्य नहीं बन पाए। अब वहां पर ऑफलाइन सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

-------------------

Post a Comment

0 Comments

ARwebTrack